सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज बोले – डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की सभी न्यायोचित मांगों पर होगा विचार

देहरादून। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ सिंचाई विभाग के त्रयोदश महाधिवेशन 2025 के समापन अवसर पर सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि संघ द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र में उठाई गई सभी न्यायोचित समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संघ के अनुशासित, भव्य और सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

यमुनाकालोनी स्थित अधिकारी क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि सिंचाई विभाग के पास तत्कालीन संयुक्त उत्तर प्रदेश के गौरवशाली अभियंत्रिकी इतिहास की उपलब्धियां और विशेषज्ञता मौजूद हैं। स्वतंत्रता से पूर्व ही विभाग ने गंगा-यमुना के दोआब क्षेत्र में अनेक बड़ी सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण कर देश को अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी विभाग ने राज्य के कोने-कोने में जल संसाधनों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के साथ-साथ लघु, मध्यम और बड़ी सिंचाई योजनाओं के माध्यम से किसानों की आर्थिकी को मजबूत किया। उन्होंने विभाग के मेधावी अभियंताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में गंगा-यमुना और सहायक नदियों पर जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण में इन अभियंताओं का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं में भूकंपरोधी तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया।

मंत्री ने बताया कि सिंचाई विभाग ने तराई क्षेत्रों में बड़े-बड़े बांध, बैराज और जलाशयों का निर्माण कर बाढ़ की विभीषिका को भी काफी हद तक कम करने का कार्य किया है। साथ ही जल संरक्षण की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में साकार करते हुए अतिरिक्त जल सिंचाई के लिए उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य भी विभाग द्वारा किया जा रहा है।

वर्तमान में सौंग बांध और जमरानी बांध जैसी दो बड़ी परियोजनाओं पर भी अभियंताओं के कुशल प्रबंधन में निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मंत्री ने आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में विभाग का पुनर्गठन होता है तो किसी भी विभागीय पद की कटौती नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने रिक्त कनिष्ठ अभियंताओं के पदों को शीघ्र भरने की भी बात कही।

इस अवसर पर डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ सिंचाई विभाग के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर भरत सिंह डांगी, महासंघ के अध्यक्ष एस.एस. चौहान, संरक्षक इंजीनियर एम.एल. नौटियाल, सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, महासचिव इंजीनियर अनिल पंवार, लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष रमेश शर्मा, ग्रामीण निर्माण विभाग के अध्यक्ष सुरेश जोशी, जल निगम संघ के अध्यक्ष रामकुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *