हरिद्वार, 10 अप्रैल – उत्तर हरिद्वार स्थित प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री सम्भाव आश्रम में आज आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्मलीन स्वामी प्रेमानंद महाराज को संत-महंतों और गणमान्यजनों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर स्वामीजी की शिष्या साध्वी माता रोहिणी शर्मा (राधा माता) को महंताई की चादर तिलक कर गद्दी पर विधिवत रूप से प्रतिष्ठित किया गया।
श्रद्धांजलि और चादर तिलक समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने स्वामी प्रेमानंद महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा। उन्होंने कथा, सत्संग और प्रवचनों के माध्यम से देश-विदेश में भारतीय संस्कृति का प्रचार किया।
श्री वैष्णव अखाड़े के श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि स्वामीजी ने गौ, गंगा, गीता और संत समाज की सेवा करते हुए अनगिनत अनुयायियों को धर्म और संस्कृति के प्रति सेवा व समर्पण की प्रेरणा दी। उन्होंने साध्वी माता रोहिणी शर्मा के जीवन को भी गंगा की तरह शीतल और प्रेरणादायी बताया।
भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने स्वामीजी के जीवन को अत्यंत उदार, सेवाभावी और धर्मपरायण बताया। उन्होंने याद दिलाया कि स्वामीजी ने हरिद्वार और बद्रीनाथ मार्ग पर पीपलकोटी में विशाल आश्रम एवं विद्यालय की स्थापना कर तीर्थयात्रियों की सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस शुभ अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी कमलेशानंद सरस्वती, महंत मोहन सिंह, महंत प्रह्लाद दास, महंत तीरथ सिंह, महंत कमल मुनि, महंत राजेश्वर, राजेन्द्र भारती, महंत भगवान गिरी, महंत धनेश्वर दास, महंत गुरमाल सिंह, स्वामी धर्मदेव, पार्षद आकाश भाटी, प्रतिनिधि विदित शर्मा, दीनेश शर्मा, सुखेन्द्र तोमर, आचार्य मनोज कुमार गहतौड़ी, राघव ठाकुर, रोहित साहनी, अश्विनी शर्मा, रामचरण वर्मा, सुरेश राठौर, गौरव शर्मा, हन्नी अग्रवाल, शिवकुमार सैनी, गौरव पाल, तारा चंद सहित अनेक संत-महंत, गणमान्यजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी ने स्वामी प्रेमानंद महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए साध्वी माता रोहिणी शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। यह विश्वास जताया गया कि वे स्वामीजी की परंपराओं और सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाते हुए संस्था को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगी।