समय का सदुपयोग करें- बीता समय वापस नहीं आता- सीएम धामी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हरिद्वार में नवनिर्मित भवन एवं चार स्मार्ट कक्षाओं का विधिवत लोकापर्ण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया।

समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री धामी एवं प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्या भारती जैसे संस्थानों ने भारतीय शिक्षा एवं संस्कृति के संवाहक के रूप में राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि आज विद्या भारती के माध्यम से देशभर में 12,000 से अधिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें 35 लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विद्या भारती द्वारा 500 से अधिक विद्यालयों के माध्यम से एक लाख से अधिक छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने स्मार्ट कक्षाओं के उद्घाटन को इस बात का प्रमाण बताया कि विद्या भारती के स्कूल आधुनिक तकनीकी शिक्षा में भी किसी से पीछे नहीं हैं।

उन्होंने राज्य सरकार की ओर से शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने नई शिक्षा नीति को लागू किया। राज्य में 141 पीएमश्री स्कूल, 20 मॉडल कॉलेज, 9 महाविद्यालय, और 500 वर्चुअल क्लासरूम्स का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा ‘लैब ऑन व्हील्स’ जैसी पहल से विज्ञान की शिक्षा को और अधिक सरल व रोचक बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान प्राथमिकता दे रही है। नकल रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया गया है, जिससे अब तक 22,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना मिशन बनाएं और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा एवं नैतिक संस्कार देने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र, विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेन्द्र अथवाल, प्रबंधक अजय शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *