हरिद्वार, 10 अप्रैल। चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन एवं तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी श्री कर्मेंद्र सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रमेन्द्र डोभाल ने बैरागी कैंप, चमगादड़ टापू (पंतदीप) और ऋषिकुल मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों — पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग और नगर निगम को समयबद्ध और समन्वित रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि ऋषिकुल मैदान में 20 रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया, शौचालय, स्नानागार, पीने के पानी, बैठने, लेटने और वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। यह व्यवस्था उन यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी जो ऑफलाइन पंजीकरण कराना चाहते हैं या जिनके पास पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं है।
यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए नारसन बॉर्डर, चमगादड़ टापू, बैरागी कैंप और ऋषिकुल मैदान में होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं, जहां यात्रियों को आवश्यकतानुसार कुछ समय के लिए रोका जा सकेगा। इन क्षेत्रों में ठहरने और मूलभूत आवश्यकताओं की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया में 40% ऑनलाइन और 60% ऑफलाइन कोटा निर्धारित किया गया है, जिसे आवश्यकता अनुसार लचीले रूप में बदला जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसपी यातायात जितेंद्र मेहरा, पीडब्ल्यूडी ईई दीपक कुमार, विद्युत ईई दीपक सैनी, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।