बाबा साहेब के संकल्पों को सिद्ध कर रही है भाजपा सरकार : पुष्कर सिंह धामी

हरिद्वार, 14 अप्रैल। भाजपा सरकार बाबा साहेब के संकल्पों को सिद्ध कर सामाजिक समरसता के वातावरण को मजबूत करते हुए समाज के कमजोर, पिछड़े व दलित वर्ग के सशक्तिकरण को संकल्पबद्ध है। यह विचार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. बी.आर. अम्बेडकर महामंच के तत्वावधान व राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल के संयोजन में भेल में आयोजित आभार रैली को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मूलमंत्र सबका साथ सबका विकास के ध्येय को लेकर भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड में यूसीसी लागू की है। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों को विकास के समान अवसर प्राप्त होंगे। प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड को विकसित प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ रात-दिन जुटी है।
राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास व दलित समाज का उत्थान तेजी से हो रहा है। अपनी कार्यशैली व कर्मठता के चलते पुष्कर सिंह धामी देश के सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में शामिल है, उनके नेतृत्व में निश्चित रूप से अगला दशक उत्तराखण्ड का होगा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में धामी सरकार ने जो जनहित के कार्य किये हैं उससे प्रदेश का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। सरकार की योजनाएं धरातल पर लागू हो यही मुख्यमंत्री का प्रयास रहता है। सशक्त भू-कानून, यूसीसी अपने आप में धामी सरकार की उपलब्धि है जो उनके संकल्पों को दर्शाता है।
डॉ. बी. आर. अम्बेडकर महामंच के अध्यक्ष विनोद आजाद एडवोकेट ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को जो संविधान दिया है, वह सदैव दलितों, पिछड़ों को संरक्षण देता रहेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में यूसीसी लागू कर सभी धर्मों, सम्प्रदायों और जातियों को समान अधिकार बाबा साहेब के संविधान को मजबूती प्रदान की है।
इस अवसर पर गुरू रविदास सम्प्रदाय सोसायटी के अध्यक्ष संत बाबा निर्मल दास जी, बहन संतोष, शिक्षाविद् वैजयंती माला ने स्मृति चिन्ह भेंटकर दलित समाज की ओर से उत्तराखण्ड में यूसीसी लागू किये जाने को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर निर्मल दास महाराज, विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विनोद दास, उमेश कुमार, रामपाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, दर्जा मंत्री विनय रुहेला, जयपाल चौहान, देशराज कर्णवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, कुंवर प्रणव चैंपियन, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा, मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
 
 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *