भगवानपुर/रुड़की, 09 मई 2025। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को भगवानपुर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्माणाधीन तहसील भवन, प्रस्तावित उप जिला चिकित्सालय, और विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर में पहुंचकर वहां की चिकित्सा सुविधाओं, वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशु देखभाल इकाई, प्रसूति वार्ड और आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। अस्पताल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था को लेकर उन्होंने साफ-सफाई में लापरवाही पर नाराजगी जताई और जल्द सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी जरूरी दवाएं, जैसे स्नेक बाइट और डॉग बाइट इंजेक्शन, औषधि वितरण केंद्र में उपलब्ध होनी चाहिए। नई लैब के निर्माण कार्य की भी प्रगति देखी गई। जिलाधिकारी ने स्टाफ से कहा कि मरीजों से विनम्रता से व्यवहार करें, ताकि अस्पताल में बेहतर अनुभव सुनिश्चित हो सके।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने भगवानपुर और चौली मंडावर के गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर कांटे (तोल मशीन) की जांच की और निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर घटतौली की शिकायत न आए। किसानों को समुचित जानकारी और सहयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मंडावर-हसनपुर रोड पर प्रस्तावित उप जिला चिकित्सालय की जमीन का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा, भगवानपुर-इमलीखेड़ा रोड पर बन रहे तहसील भवन का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने और शीघ्रता से निर्माण पूर्ण करने के निर्देश ठेकेदार को दिए। उन्होंने फर्श के ढलान की जांच पानी डालकर करने के निर्देश भी दिए, जिससे जलभराव की समस्या न हो।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अभिमन्यु ठाकुर, तहसीलदार दयाराम, डिप्टी आरएमओ प्रमोद सती, और मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।