हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने उतरी हरिद्वार में चल रहे सीवर कार्यों में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कार्यदायी संस्था पर सरकारी धन के दुरुपयोग और कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने इन कमियों को लेकर जिलाधिकारी को अवगत कराया और कार्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
सुनील सेठी ने गंगा विहार, सत्यम विहार क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कार्यों की खामियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि चैंबर डालने के बाद सड़कों का पुनर्निर्माण न होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में कीचड़ और धूप में उड़ती धूल से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासी लालजी यादव व अभिषेक कुमार ने बताया कि कई स्थानों पर जनता के विरोध के बाद भी पुरानी टूटी टाइलों को बिना लेवल किए लगाया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़कों के धंसने या टूटने की आशंका है। साथ ही, सीवर पाइपों के नीचे बिना कंक्रीट के केवल मिट्टी भरकर दबाया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
सेठी ने आरोप लगाया कि पूरी सड़क और नालियां तोड़ने के बाद अब सिर्फ बीच का हिस्सा कच्चे तौर पर ढकने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इन सभी खामियों को लेकर संस्था के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए जिलाधिकारी और मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।
इस मौके पर राजू जोशी, अमित पांडे, महेश कालोनी, रमन सिंह, महावीर नेगी, सोनू चौधरी, दीपक शर्मा और सचिन अग्रवाल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।