हरिद्वार।
सत्यम विहार, भूपतवाला क्षेत्र में सीवर कार्यों में लापरवाही को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए लोगों ने कार्यदायी संस्था पर अनुभवहीनता, लापरवाही और जनहित में आई सरकारी योजना को बदनाम करने का आरोप लगाया।
सुनील सेठी ने कहा कि सीवर कार्य पूरी तरह से अनियोजित और अनियमित तरीके से किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर पाइप बिछाने से पहले न तो बजरी डाली गई और न ही कंक्रीट, केवल रेत पर ही पाइप बिछा दिए गए हैं, जिससे भविष्य में सीवर ओवरफ्लो और सड़क धंसने की आशंका है। इससे न केवल आमजन को परेशानी होगी, बल्कि सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
उन्होंने बताया कि भारतमाता पुरम, गायत्री विहार, सत्यम विहार, भट्टा कॉलोनी, श्यामलोक और हरिपुर जैसे क्षेत्रों में सड़कों का बुरा हाल है। कई जगहों पर सड़कों का निर्माण अधूरा छोड़ा गया है, और जहां निर्माण हुआ भी है, वहां पुरानी टूटी-फूटी टाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीमेंट की मात्रा भी मानक से कम है, जिससे भविष्य में सड़कें और सीवर दोनों बैठ सकते हैं।
स्थानीय निवासी और धर्मशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भीम सैन, दीपक उप्रेती और हरीश साहनी ने संयुक्त रूप से कहा कि जिस तरह से कार्य किए जा रहे हैं, वे भविष्य में बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। उन्होंने मांग की कि एक निष्पक्ष जांच कमेटी का गठन किया जाए जो पूरे प्रोजेक्ट की गहराई से जांच करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजू जोशी, हरिमोहन भारद्वाज, सतनाम सिंह, गोकुल डबराल, डॉ. अतिथ ऐरन, शलभ गुप्ता, परमेश गोयल, लालजी यादव, महेश कालोनी, एस एन तिवारी, राजेश पांडे, राकेश सिंह, पवन पांडे, सचिन अग्रवाल, लक्की अनेजा, मंगल सिंह, मनोज कुमार, गौरव शर्मा, अनिल कोरी, विनीत शर्मा, देवेश अरोड़ा, ललित कुमार, रवि चावला सहित कई व्यापारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने जिला अधिकारी और उत्तराखंड सरकार से मांग की कि इस गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाए।