उत्तराखंड ने वित्तीय प्रबंधन और सुशासन में रचा इतिहास, छोटे राज्यों में देशभर में मिला दूसरा स्थान

देहरादून। उत्तराखंड ने वित्तीय अनुशासन और सुशासन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित बिजनेस न्यूज पोर्टल फाइनेंशियल एक्सप्रेस की ताज़ा रिपोर्ट में छोटे राज्यों की वित्तीय स्थिति के मामले में उत्तराखंड को देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह रैंकिंग गोवा के बाद उत्तराखंड को मिली है।

यह उपलब्धि राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों, मजबूत वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक क्षेत्रों में बेहतर निवेश का परिणाम है। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि उत्तराखंड ने राजकोषीय घाटे पर प्रभावी नियंत्रण, कर राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि, सरकारी गारंटियों के प्रबंधन और बकाया ऋण को संतुलित करने में शानदार प्रदर्शन किया है।

वित्तीय प्रदर्शन के साथ ही उत्तराखंड ने प्रशासनिक दक्षता और सुशासन के क्षेत्र में भी खुद को साबित किया है। राज्य सरकार द्वारा ई-सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सशक्त करने, न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने और निवेशकों के लिए बेहतर व्यावसायिक माहौल तैयार करने के प्रयासों ने उत्तराखंड को सुशासन की दृष्टि से अग्रणी राज्यों में शामिल कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतिगत प्रतिबद्धता और कार्यान्वयन में पारदर्शिता ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। हमारी सरकार ने वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता दी है और शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाएं व न्याय व्यवस्था को मजबूती देने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हम उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

राज्य सरकार अब भविष्य की दिशा में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर खास फोकस कर रही है। यह उपलब्धि उत्तराखंड को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *