देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर राज्य की हज कमेटी में पहली बार तीन मुस्लिम महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। शासन की ओर से जारी सूची के अनुसार कोटद्वार नगर निगम की पार्षद रिजवाना परवीन, हल्द्वानी की तरन्नुम खान और अल्मोड़ा की शाहिदा सिराज को हज कमेटी का सदस्य नामित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम महिलाएं भी हज यात्रा पर जाती हैं, इसलिए उनकी भागीदारी हज संबंधी निर्णयों में भी होनी चाहिए। महिलाओं की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझने और समाधान के लिए यह कदम जरूरी था। सरकार की इस पहल का उद्देश्य मुस्लिम महिलाओं को decision-making में भागीदार बनाकर उन्हें सशक्त बनाना है। इससे पहले भी राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए सायरा बानो को महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। हज कमेटी में अन्य नामित सदस्यों में लक्सर विधायक शहजाद, जिशान अहमद, हसीब अहमद, इस्लामुद्दीन अंसारी, समीर जाफरी, खतीब अहमद, मन्नान राजा, हाजी अबरार हुसैन और हाजी फईम खान शामिल हैं।