हरिद्वार। मां गंगा एवं सहायक नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
सीडीओ ने बैठक में निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी एसटीपी पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और इसकी जानकारी समिति के सभी सदस्यों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने नगर निगम, एचआरडीए और सिंचाई विभाग को संयुक्त रूप से हरकी पैड़ी, भीमगोड़ा, चमगादड़ टापू, कांवड़ पटरी मार्ग, आस्था पथ, दूधियाबंध और दक्षिण काली मंदिर क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मां गंगा दूषित न हों, इसके लिए हरकी पैड़ी समेत सभी पुलों पर जालियां लगाना जरूरी है और इसकी कार्यवाही शीघ्र कराई जाए। इसके अलावा नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।