हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार के स्थानीय परिवारों को भी सस्ती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है।
संगठन ने कहा कि कुंभ में देशभर से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। हरिद्वार में रहने वाले परिवारों के रिश्तेदार और परिचित भी स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय परिवारों पर अतिरिक्त खाद्यान्न और अन्य खर्च का आर्थिक बोझ पड़ता है।
संगठन ने मांग की कि जिस प्रकार अखाड़ों और धर्मशालाओं को सस्ती दर पर गेहूं, चावल, चीनी और तेल आदि उपलब्ध कराया जाता है, उसी प्रकार स्थानीय निवासियों को भी खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही संगठन ने कुंभ की प्रमुख स्नान तिथियों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाजनक स्नान की विशेष व्यवस्था करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि वरिष्ठ नागरिक समाज और सरकार की महत्वपूर्ण धरोहर हैं, इसलिए उनके लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में संगठन अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, विद्यासागर गुप्ता, रामसागर, शिवबचन प्रजापति, बदन सिंह, संतराम आदि शामिल रहे।