पात्र मतदाताओं का नाम सूची से नहीं हटेगा: जिलाधिकारी

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए तृतीय चरण में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में एसआईआर के तहत जारी नोटिसों पर बीएलओ और एईआरओ स्तर से सुनवाई की जा रही है। दर्ज आपत्तियों के संबंध में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 अभिलेखों में से किसी एक अभिलेख को उपलब्ध कराकर समस्या का समाधान कराया जा सकता है। जिलाधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समाधान कराएं।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से पृथक नहीं किया जाएगा। उन्होंने एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग जारी रखने की अपील की।

बैठक में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार जाति, कांग्रेस अध्यक्ष रुड़की राजेंद्र चौधरी, कांग्रेस जिला महामंत्री साहिल राणा, बीएसपी जिलाध्यक्ष मदन पॉल, सीपीआईएम के राजीव गर्ग, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, आप महिला जिलाध्यक्ष प्रियंका, भाजपा जिला कार्यक्रम प्रभारी नकली सिंह सैनी, चंद्रपाल सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा, एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं उप मेलाधिकारी कुंभ आकाश जोशी समेत संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *