हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक स्कूटी और एक बाइक बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को सीताराम पुत्र कल्लू सिंह निवासी जगत पेट्रोल पम्प, ज्वालापुर ने अपनी स्कूटी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं बीते शुक्रवार को प्रशांत गर्ग निवासी मोहल्ला कोटरावान ने भी अपने वाहन की चोरी की रिपोर्ट ज्वालापुर थाने में दी थी।
वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहनों की चैकिंग अभियान शुरू किया। शनिवार को जांच के दौरान रेगुलेटर क्षेत्र में पुल जटवाड़ा के पास पुलिस टीम ने फरीद पुत्र शाहिद निवासी गायत्री विहार, ग्राम सराय, ज्वालापुर को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी नहर पटरी की झाड़ियों से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक रविन्द्र जोशी, हेड कांस्टेबल प्रमोद पुरोहित, कांस्टेबल सुरेन्द्र तोमर और बृजमोहन शामिल रहे।