हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने रविवार को ग्राम गढ़ में चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया स्कैम और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
चौपाल में प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार व अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम गढ़ के संभ्रांत व्यक्ति, सीएलजी सदस्य और ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
पुलिस अधिकारियों ने आगामी वाल्मीकि जयंती, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज जैसे पर्वों को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।