हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोड़ीबेलवाला कुंभ मेला पार्किंग स्थल में देवभूमि रजत उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक कला, संस्कृति, लोकगीत व नृत्य की झलक देखने को मिलेगी। साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
उत्सव में चित्रकला, रंगोली, निबंध लेखन और नृत्य प्रतियोगिताएं, योग सत्र, कवि सम्मेलन, डिजिटल प्रदर्शनी, लेजर शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। रजत जयंती कार्यक्रमों की श्रृंखला 2 से 9 नवंबर तक जनपद में जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।