हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज हरिद्वार में देवभूमि रजत उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह ऐतिहासिक आयोजन राज्य की 25 वर्ष की विकास यात्रा, संस्कृति, साहित्य, तकनीकी प्रगति और लोक परंपराओं के अद्भुत संगम के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सायंकाल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, जिसमें उत्तराखंड की विकास गाथा, विरासत, पर्यटन, तकनीकी नवाचार और जनकल्याण योजनाओं की उपलब्धियों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिये प्रदर्शित किया जाएगा।
दोपहर सत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि दुष्यंत एवं उनकी टीम काव्य पाठ करेंगे। इसके साथ ही समूह नृत्य प्रतियोगिता में स्कूलों के छात्र-छात्राएं पारंपरिक और आधुनिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें युवा प्रतिभाएं अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
सायं कालीन सत्र में उद्घाटन समारोह और डिजिटल प्रदर्शनी का अनावरण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद “स्ट्रिंग्स म्यूज़िक केयर” समूह विशेष गिटार शो प्रस्तुत करेगा। यह वही समूह है जिसने 28 सितंबर 2025 को हरिद्वार में 226 कलाकारों के साथ ‘Most Number of People Reciting Hanuman Chalisa While Displaying Performing Arts’ श्रेणी में High Range World Records में नाम दर्ज कराया था।
कार्यक्रम के अंत में लोक-सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी अपनी गरिमामयी प्रस्तुति देंगे। वहीं लोकप्रिय लोकगायिका श्वेता महरा विशेष लोकसंगीत कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
देवभूमि रजत उत्सव न केवल राज्य की उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपरा और नई पीढ़ी की ऊर्जा का प्रतीक भी बनेगा।