घने कोहरे में हिट एंड रन: दिल्ली से बरामद हुई ब्रेजा कार, आरोपी हिरासत में

हरिद्वार के थाना बहादराबाद क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन को दिल्ली से बरामद करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है।

घटना 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे की है, जब ज्वालापुर–बहादराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिदेव मंदिर के पास बहादराबाद से ज्वालापुर की ओर जा रहे एक थ्री-व्हीलर को पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसा घने कोहरे के बीच हुआ, जिसमें थ्री-व्हीलर चालक केशव निवासी नगीना, जिला बिजनौर (वर्तमान निवासी ज्वालापुर) की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजन जयपाल पुत्र किशन निवासी नगीना, बिजनौर की तहरीर पर 9 दिसंबर 2025 को थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। कोहरे और रात्रिकालीन समय के कारण वाहन की पहचान में प्रारंभिक कठिनाई आई, लेकिन टोल प्लाजा के डाटा और वाहन स्वामियों से संपर्क के बाद एक प्रत्यक्षदर्शी की सूचना पर नीले रंग की ब्रेजा कार की भूमिका सामने आई।

पुनः सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से वाहन संख्या DL3CCP2172 की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के संगम विहार, महरौली से आरोपी चालक संजीव पुत्र राजेन्द्र सिंह को हिरासत में लेते हुए घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार मामले में विधिक कार्यवाही जारी है।

इस पूरे अभियान में पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन बिष्ट, उप निरीक्षक जगमोहन सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल नितुल यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *