हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया है। बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन स्टील गर्डर पुल और दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर बन रहे पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने लंबित कार्यों को बिना देरी पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश चंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने पर जोर दिया। मेला प्रशासन का लक्ष्य कुंभ से पहले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।