हरिद्वार। जनपद के विकास खंड नारसन एवं लक्सर की न्याय पंचायतों में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं से कुल 1562 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा 1639 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। दोनों शिविरों में कुल 4909 लोगों ने सहभाग किया।
विकास खंड नारसन की न्याय पंचायत मखदूमपुर में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 1049 लोगों ने भाग लिया। यहां 313 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ एवं 189 लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर में प्राप्त 31 शिकायतों में से 24 का मौके पर निस्तारण किया गया।
विकास खंड लक्सर की न्याय पंचायत मुंडाखेड़ा कलां में उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 3860 लोगों ने प्रतिभाग किया। यहां 1249 लोगों को योजनाओं का लाभ एवं 1450 लोगों को प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। प्राप्त 66 शिकायतों में से 61 का त्वरित निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जा रहा है तथा पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों को शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।