देहरादून। निराश्रित व बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाते हुए जनपद में नए गोसदनों को स्वीकृति दी है। ग्राम छरबा, खेरूवा और मौजा आरकेडिया ग्रांट प्रेमनगर में गोसदन शीघ्र संचालित होंगे। कालसी के खेरूवा में गोसदन निर्माण के लिए 49.98 लाख रुपये अवमुक्त किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में डोईवाला, भण्डारीबाग और करनपुर स्थित गोसदनों को राजकीय मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू करने पर चर्चा हुई। डीएम ने सभी मानक समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही गोसदनों में रह रहे पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और बीमार-घायल पशुओं के समुचित उपचार पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 10 पंजीकृत गोसदन संचालित हैं, जिनकी क्षमता लगभग 3700 पशुओं की है। नए गोसदन बनने के बाद यह क्षमता बढ़कर करीब 5400 हो जाएगी, जिससे सभी निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।