हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : आदेश चौहान

हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान के प्रयासों से शिवालिकनगर वार्ड-12 के लिए लगभग 1.08 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को स्वीकृति मिल गई है। योजना का शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। इससे वार्ड-12 के अंतर्गत कृपालनगर सहित आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवारों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।

विधायक आदेश चौहान ने बताया कि यह कार्य पूर्व में जायका योजना में प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे अलग करते हुए स्वतंत्र रूप से स्वीकृति प्रदान की गई है। सिडकुल क्षेत्र के नजदीक होने के कारण शिवालिकनगर में तेजी से नई कॉलोनियों का विकास हुआ है, जिसके चलते पेयजल की समस्या प्रमुख रूप से सामने आ रही थी।

योजना के अंतर्गत एक ट्यूबवेल की स्थापना के साथ नई पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

विधायक आदेश चौहान ने योजना की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित कर रही है। इस योजना के शुरू होने से हजारों परिवारों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ और पीने योग्य पानी पहुंचाना है और इसी दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव में किए गए वायदों के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। यह पेयजल योजना क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *