हरिद्वार। रुड़की में 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ चार युवकों ने दुष्कर्म किया। आरोपी युवकों में दो का छात्रा के ही गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ भगवानपुर थाना क्षेत्र में चार युवकों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में छात्रा के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद चार युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की दी है। इस मामले में भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान ने बताया कि मंगलौर थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित छात्रा जिसकी (उम्र करीब 17 वर्ष) है, उसके परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया कि गांव में ही रहने वाले एक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद में युवक के तीन अन्य दोस्तों ने भी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है। तहरीर के आधार पर नामजद चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है। चार आरोपियों में से एक आरोपी युवक मंगलौर और दूसरा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। जबकि, दो आरोपी पीड़ित छात्रा के ही गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल, पूरे मामले की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।