नवरात्र से पहले हरिद्वार में खाद्य विभाग की सख्ती, 120 किलो कुट्टू आटा नष्ट

हरिद्वार। नवरात्र पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान 10 सैंपल लिए गए, जबकि बिना लेबल का 120 किलो कुट्टू आटा जब्त कर नष्ट किया गया।

बुधवार को लक्सर, भगवानपुर, हरिद्वार और धनौरी क्षेत्रों में प्रशासन व पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग की गई। टीम ने कुट्टू, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मूंगफली और मसालों सहित व्रत में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री की जांच की।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि संदिग्ध गुणवत्ता के 10 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं गोवर्धनपुर रोड स्थित एक दुकान से बिना बिल और बिना लेबल के चार बैगों में रखा करीब 120 किलो कुट्टू आटा बरामद हुआ, जिसे सीज कर सिमली डंपिंग ग्राउंड में नष्ट कराया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए हैं कि नवरात्र के दौरान चेकिंग अभियान लगातार जारी रहे और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *