हरिद्वार। आॅल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की बैठक बीएचईएल स्थित यूनियन कार्यालय लुंबा नगर मेमोरियल भवन में आयोजित हुई। बैठक के दौरान कई श्रमिकों ने एटक की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया
प्रदेशाध्यक्ष एमएस त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में श्रमिक अधिकारों की रक्षा, सुरक्षित कार्य परिस्थितियां, न्यायसंगत वेतन और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में ट्रेड यूनियनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन की ताकत और प्रभाव बढ़ेगा।
केंद्रीय नेता एके दास ने कहा कि यह केवल संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि श्रमिक आंदोलन को सशक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल है। उन्होंने कर्मचारियों से एटक से जुड़कर अपनी आवाज मजबूत करने का आह्वान किया।
एटक सीएफएफपी के अध्यक्ष नईम खान ने कहा कि एकजुटता ही श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। बैठक में शामिल हुए नए सदस्यों ने संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए श्रमिक हितों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मनमोहन कुमार, परमाल सिंह, अजित सिंह, अमृत रंजन, सुभाष त्यागी, संदीप चौधरी, सौरभ त्यागी, रविकांत त्यागी, अशोक शर्मा, सचिन शर्मा, रवि राय, संतोष तिवारी, परमजीत सिंह, दीपक कुमार, गजेंद्र कुमार, घनश्याम यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।