हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित माता वैष्णो देवी बाल विद्या मंदिर में कक्षा एक से पांचवीं तक का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। परीक्षा में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। इस अवसर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष जयदीप सेठी, जॉइंट सेक्रेटरी सुनील अरोड़ा, दिनेश कोचर, मनु गुलाटी, प्रधानाचार्य अर्चना गुलाटी एवं प्रविता पांडे ने छात्रों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
संस्था के अध्यक्ष बी.पी. चौधरी एवं सेक्रेटरी हरीश मारवा ने भी फोन के माध्यम से विद्यालय परिवार, छात्रों और अभिभावकों को शानदार परीक्षा परिणाम के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
जॉइंट सेक्रेटरी सुनील अरोड़ा ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों के प्रयास और छात्रों की मेहनत का ही परिणाम है कि इस वर्ष परीक्षा परिणाम बेहद उत्कृष्ट रहा।
प्रधानाचार्य अर्चना गुलाटी ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि शीघ्र ही कक्षा छह से नौवीं तक का परीक्षा परिणाम भी घोषित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस वर्ष से विद्यालय को कक्षा 12वीं तक की मान्यता मिलने की पूरी संभावना है, जिससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और अधिक ऊंचा होगा।