हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की ओर से दिन-रात सड़क पुनर्निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि जलोत्सारण योजना के तहत ऋषिकुल कॉलोनी, द्वारका विहार, गणपतिधाम, राजविहार और शिवानीपुरम क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। एक दिन में 225 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूर्ण होने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी।