खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को अनुदान, ऋण और सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।