हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन, हरिद्वार के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार हरिद्वार को ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ नागरिक संतराम की समस्या के समाधान की मांग की।
संगठन के अनुसार, संतराम ने अपने परिवार के सदस्यों पर प्रताड़ित करने और उनके मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। मामले में न्यायालय ने नवंबर 2025 में आदेश जारी कर परिवार को 30 दिनों के भीतर मकान खाली करने के निर्देश दिए थे। साथ ही संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को आदेश के अनुपालन में सहयोग करने को कहा गया था।
संगठन का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद अब तक मकान खाली नहीं कराया जा सका है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार सचिन कुमार और सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।
तहसीलदार एवं थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि न्यायालय के आदेशों का पालन कराते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान संगठन ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, संगठन मंत्री एस.सी.एस. भास्कर, सुभाष ग्रोवर तथा संतराम शामिल रहे।