सिखों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता : सुनील सेठी

हरिद्वार। सिख धर्म के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर  जैन मंदिर फ्लाईओवर के नीचे मीठे पानी की छबील लगाकर राहगीरों को शर्बत और प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गुरबख्श कौर और सतनाम सिंह के संयोजन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी तथा पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा ने सतनाम सिंह द्वारा की गई अरदास के साथ किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राहगीरों को मीठा शर्बत और प्रसाद वितरित कर गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सुनील सेठी ने कहा कि सिख समाज का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। जब-जब देश और धर्म को आवश्यकता पड़ी, सिख समुदाय ने अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं और उनके अनुयायियों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों के साथ-साथ पूरे परिवारों का भी बलिदान दिया, लेकिन कभी पीछे नहीं हटे।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी ने मानवता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। उनका संदेश था कि सभी लोग मिल-जुलकर राष्ट्रहित में कार्य करें और देश की आन-बान-शान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। यदि कोई विरोधी शक्ति देश की ओर आंख उठाकर देखे तो उसके विरुद्ध डटकर खड़ा होना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में सतपाल सिंह, हर्षवर्धन कौशिक, राकेश जमदग्नि, लालजी, राजेश पांडे, भूषण सिंह, अमृत सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *