रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत शुक्रवार को मनोज सरकार स्टेडियम से “रन फॉर योगा” एवं नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
पुरुष वर्ग में हिमेश राजपूत प्रथम, केवल चमियाल द्वितीय और युवराज जोशी तृतीय रहे। वहीं महिला वर्ग में गौरी मनोहोरिया ने पहला, आयुषी कश्यप ने दूसरा और पल्लवी मोहंतो ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में 350 से अधिक युवाओं, बच्चों और खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।