सीवर संकट से जूझ रहा वार्ड नंबर-3, कार्रवाई न होने पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश

हरिद्वार। वार्ड नं. 3 स्थित कमलदास कुटिया जहां दर्जनों किरायेदार निवास करते हैं साथ ही ट्रैफिक पुलिस लाईन भी इस विशाल आश्रम में स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों पुलिस कर्मियों व आमजनों का आवागमन रहता है। वहां विगत 4-5 दिनों से सीवर लाईन चोक होने के चलते सीवर चैम्बर ओवर फ्लो होकर बह रहे हैं। उत्तरी हरिद्वार का सबसे बड़ा आश्रम जिसमें सैकड़ों लोग निवास करते हैं व प्रतिदिन हजारों लोगों का इस आश्रम मार्ग से आवागमन रहता है वहां सीवर का गंदा पानी मल-मूत्र खुले में निरन्तर बह रहे हैं जिस कारण आश्रम में निवास करने वाले सैकड़ों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पुलिस लाईन में कार्यरत पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों व वाहन चालकों को भी बहते सीवर के बीच में से गुजरना पड़ रहा है।
वार्ड नं. 3 स्थित कमलदास कुटिया के निवासी सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि स्थानीय पार्षद व सीवर विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र में जगह-जगह सड़कें टूटी हैं जिससे सीवर लाईन क्षतिग्रस्त हो रही है। कमलदास कुटिया स्थित सीवर लाईन भी बदहाल स्थिति में है। पूरे क्षेत्र में सीवर का मल-मूत्र खुले में बह रहा है। न तो विभाग ही सुध ले रहा है न ही स्थानीय जन प्रतिनिधि।
स्थानीय निवासी पालकी देवी व पूजा ने आक्रोशित स्वर में कहा कि पार्षद की उदासीनता के चलते हम सब लोगों को सीवर के पानी में से ही गुजरना पड़ रहा है। अनेक बार शिकायत करने पर भी स्थानीय पार्षद व सीवर विभाग सुध नहीं ले रहा है।
रेखा व महिमा ने कहा कि लगभग 1 सप्ताह से निरन्तर स्थानीय पार्षद व सीवर विभाग को हम अपनी परेशानी बता रहे हैं लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है। रात-दिन सीवर का पानी खुले में बह रहा है जिससे क्षेत्र में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी सोनू, पालकी, मोनू, करन, मुकुल, रेखा, महिमा, प्रकाश, वंश, आकाश, शिवम, पूजा ने गंगा प्रदूषण नियंत्रण विभाग से शीघ्र सीवर लाईन को दुरूस्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *