कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, खड़खड़ी में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर बन रहे डबल लेन पुल के निर्माण कार्यों का अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

करीब 13.22 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 44.80 मीटर लंबे केबल नेट आर्च पुल के निर्माण से वर्षा ऋतु में जलभराव और तेज बहाव के कारण प्रभावित होने वाले आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा। पुल पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और दोनों ओर एप्रोच रोड भी बनाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एक पिलर के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन को शिफ्ट किया जाना है। इस पर अपर मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी अवस्थापना कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *