हरिद्वार। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संकलन और डिजिटलीकरण का कार्य पूरी तत्परता से कराया जाए।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने एईआरओ को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करने और स्वयं भी क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई पात्र मतदाता नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी शिवालिक नगर तारिक खान समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।