जसपुर पालिका में कैबिनेट मंत्री का औचक निरीक्षण, कई अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित

जसपुर। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को नगर पालिका परिषद, जसपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें कुछ कर्मचारी कई दिनों से कार्यालय नहीं पहुंचे थे।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में मदिरा सेवन से संबंधित सामग्री भी मिली, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कार्यालय की गरिमा के विपरीत किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को पूरे प्रकरण की नियमानुसार जांच कराने और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनता के प्रति जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें। यदि कोई अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *