हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने विकास प्राधिकरण के सचिव प्रद्युम्न सिंह से मुलाकात कर शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव सौंपे। सचिव ने सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सुनील सेठी ने कहा कि भूपतवाला स्थित शांतिकुंज फ्लाईओवर के नीचे विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित स्पोर्ट्स जोन और पार्किंग क्षेत्र गंदगी का शिकार हो गया है। असामाजिक तत्वों के कारण वहां लगे महापुरुषों के चित्र क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और बदबू व गंदगी से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र की नियमित सफाई कराने और पार्किंग को दोबारा संचालित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अधिक समय तक रोकने के लिए विशेष पर्यटन योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। साथ ही शहर के खराब हो चुके हेरिटेज पोल बदले जाएं और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी हेरिटेज पोल व सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएं, जिससे शहर की सुंदरता बढ़े और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिले।
सुनील सेठी ने विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित पार्कों की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा उठाते हुए बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए उनके रखरखाव और पुनः सौंदर्यीकरण की मांग की।
इस दौरान सोनू चौधरी, प्रीत कमल, मुकेश अग्रवाल, रवि अरोड़ा, केतन सिंह और अमित अरोड़ा मौजूद रहे।