पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता, समन्वय से करें कार्य: वीके संत

हरिद्वार। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन सभागार में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए। कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जल जीवन मिशन समेत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ देने, रोजगार संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत नियमित राशन वितरण और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जनपद में चिकित्सकों की कमी दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का भी आश्वासन दिया।

उन्होंने जनपद में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों की सराहना करते हुए इसी गति से कार्य जारी रखने को कहा। इससे पहले जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रभारी सचिव का स्वागत किया और विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *