हरिद्वार। जनपद में आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को मॉक अभ्यास के तहत भीमगौड़ा रेलवे सुरंग के पास रेलवे ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने की काल्पनिक स्थिति का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के अनुसार, सुबह 11:16 बजे जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय को सूचना मिली कि अत्यधिक वर्षा के कारण भीमगौड़ा रेलवे सुरंग के समीप रेलवे ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर आ गिरने से ट्रैक को नुकसान पहुंचा है और रेल यातायात बाधित हो गया है।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) की टीम सक्रिय की गई। राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन के लिए ऋषिकुल मैदान में स्टेजिंग एरिया बनाया गया।
स्टेजिंग एरिया कमांडर एवं उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों को रेलवे ट्रैक से मलबा हटाने, मार्ग बहाल करने तथा आवश्यक राहत एवं बचाव कार्यों के लिए घटनास्थल पर रवाना किया गया।
प्रशासन ने बताया कि यह केवल मॉक ड्रिल है। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना है।