काशीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी उत्तराखंड कांग्रेस ने काशीपुर में संगठन को मजबूत करने की दिशा में तीन नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने महानगर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अलका पाल से शिष्टाचार भेंट कर संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने पर चर्चा की।
महानगर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अलका पाल के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप सिंह ऐरी, मोहम्मद इंतखाब और संजीव शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
अलका पाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव निकट हैं और ऐसे समय में संगठन की मजबूती ही जीत का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है, लेकिन गुटबाजी, समानांतर गतिविधियों और अनुशासनहीनता को पार्टी हाईकमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।