काशीपुर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर तथा केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे और सोने में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को गांधीवादी तरीके से उपवास रखकर विरोध प्रदर्शन किया। गिरीताल मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े नेताओं पर मंदिरों के चढ़ावे में हेराफेरी के गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर सत्ता में आई भाजपा अब मंदिरों की आस्था से भी खिलवाड़ कर रही है। एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा ने कहा कि इस तरह के आरोप करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाले हैं और सरकार को पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, ब्रह्मपाल सिंह, इंदर सेठी, विमल गुड़िया, मनोज जोशी, हरीश कुमार सिंह, संदीप सहगल, सरित चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।