हरिद्वार। शहर में विभिन्न विभागों की ओर से कराए जा रहे अनियोजित कार्यों के कारण जगह-जगह खुदी सड़कें और बड़े गड्ढे बरसात के दौरान लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर संबंधित विभागों को तत्काल गड्ढे भरने और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
सुनील सेठी ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार, भीमगोड़ा, जगजीतपुर, शांतिकुंज सहित कई क्षेत्रों में टूटी सड़कें, कीचड़ और बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शांतिकुंज के पास हाईवे की सर्विस लेन की हालत इतनी खराब है कि लोग मजबूरी में रॉन्ग साइड से चल रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की लापरवाही से सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा निकट है, ऐसे में यदि जल्द सड़कें दुरुस्त नहीं कराई गईं तो श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी। उन्होंने लापरवाह विभागों के खिलाफ कार्रवाई कर शीघ्र सड़क मरम्मत कराने की मांग की।
इस दौरान सोनू चौधरी, हरिमोहन भारद्वाज, लालजी, अमित अरोड़ा, आशीष अग्रवाल, राकेश सिंह, एस.एन. तिवारी, पावन पांडे, सचिन अग्रवाल, अमित सिंह, लक्की अनेजा और हरिमोहन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।