बारिश के बीच हरिद्वार में तीन हादसे, दो की मौत; बाणगंगा में फंसे ग्रामीण और मवेशियों का सुरक्षित रेस्क्यू

हरिद्वार। जिले में लगातार बारिश के बीच अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मकान की छत गिरने से चार महिलाएं घायल हो गईं। वहीं खानपुर क्षेत्र में बाणगंगा नदी के बीच फंसे ग्रामीणों और उनके मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिले में सभी प्रमुख सड़कें और पुल सुरक्षित हैं तथा यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

खानपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास तालाब में नहाने के दौरान लालचंदवाला निवासी 16 वर्षीय समद की डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ ने शव बरामद कर सिविल पुलिस को सौंप दिया। वहीं सिडकुल क्षेत्र में राजा बिस्कुट फैक्ट्री के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 17 वर्षीय रिशु की मौके पर ही मौत हो गई।

रुड़की के लंढौरा स्थित रविदास बस्ती में भारी बारिश के कारण एक मकान की दीवार धंसने से छत गिर गई। हादसे में शाहिस्ता (25), आयशा (10), अलतमास (35) और गरीवनी (70) घायल हो गईं। सभी को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है।

शनिवार को खानपुर क्षेत्र में बाणगंगा नदी के बीच फंसे ग्रामीणों और उनके मवेशियों को आपदा मित्र कुलदीप कुमार और ओमप्रकाश ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भारी बारिश को देखते हुए सभी एसडीएम, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *