मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी, बोले—सोमनाथ भारत के स्वाभिमान और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छह दिवसीय इस यात्रा में प्रदेशभर से करीब 700 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, अदम्य विश्वास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण व विकास का कार्य तेजी से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। केदारखंड, मानसखंड, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और यमुनातीर्थ के पुनरुद्धार जैसी परियोजनाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। साथ ही दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं से मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *