हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला से तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, चाकू, बाइक, मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और पीड़िता से लूटे गए झुमके बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सात जुलाई की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि चारों आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और कानों के झुमके लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर आठ जुलाई को थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए और लगातार दबिश दी। 14 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की, जिसके आधार पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24), शेखर (22), अरुण (23) निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी तथा विकास (25) निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना स्याना, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।