दिव्यांग दंपतियों को मिलेगा 50 हजार रुपये का वैवाहिक प्रोत्साहन अनुदेहरादून। दिव्यांगजनों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए समाज कल्याण विभाग की दिव्यांग वैवाहिक प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत पात्र दंपतियों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। देहरादून में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने योजना के तहत पहली बार शंकरपुर, हकूमतपुर निवासी अमजद को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि योजना का लाभ उन दंपतियों को मिलेगा, जिनमें पति-पत्नी दोनों दिव्यांग हों या दोनों में से कोई एक दिव्यांग हो। पात्र लाभार्थी निर्धारित प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर अपने विकासखंड कार्यालय में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना की अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण कार्यालय या संबंधित विकासखंड के सहायक समाज कल्याण अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।