कांवड़ मेले से पहले डीएम ने चंडी देवी मंदिर का किया निरीक्षण, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को मां चंडी देवी मंदिर परिसर एवं मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा आसपास के क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए और कूड़ा-करकट का समय-समय पर निस्तारण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंदिर परिसर और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा संबंधी सभी उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित विभाग तत्काल उसे हटाकर नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *