स्कूली वाहनों पर तीसरे दिन भी सख्ती, 65 के चालान, तीन बसें सीज

हरिद्वार। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों के वाहनों की जांच की गई, जिसमें 65 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन स्कूल बसों को सीज कर दिया गया।

जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, महिला परिचारिका की उपलब्धता, आपातकालीन निकास सहित अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। दो बसें बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और एक बस बिना पंजीकरण के संचालित मिली, जिन्हें मौके पर ही सीज कर दिया गया।

परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को सभी सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने तथा नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *