जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित और सुशासन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता को समाधान की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिला या विभागीय स्तर पर सुलझने वाले मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए और जिन प्रकरणों में उच्च स्तर पर निर्णय आवश्यक हो, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र भेजा जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व परिणामोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *