हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की स्थित आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका में आयोजित विद्या भारती के प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और संस्कार के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यही युवा विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के शिक्षा एवं संस्कार मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि संगठन देशभर में लाखों विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति पर आधारित शिक्षा दे रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारपरक बनाया गया है। साथ ही नकल विरोधी कानून, मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ युवाओं को मिल रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्या भारती के पदाधिकारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।