कांवड़ मेले में पहली बार साइबर कमांडो, सोशल मीडिया पर रहेगी 24 घंटे निगरानी

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को सकुशल और सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस बार पहली बार मेले के दौरान सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे। भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई और दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए हैं। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा तथा ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डीजे वाहनों के लिए निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य भ्रामक वीडियो पर 36 घंटे और एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो पर लगभग तीन घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *